August 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय धरमजयगढ़ प्रिंसी की प्रतिभा ने बढ़ाया धरमजयगढ़ का मान, राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रदेश में द्वितीय, रायगढ़ जिले में प्राप्त किया प्रथम स्थान

1 min read
Spread the love

राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में कक्षा नवमी की छात्रा प्रिंसी अहमद सिद्दीकी ने हासिल किया छत्तीसगढ़ में द्वितीय स्थान
रायगढ़ जिले में रहीं प्रथम

धरमजयगढ़ – पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय धरमजयगढ़ की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी प्रिंसी अहमद सिद्दीकी ने राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय, धरमजयगढ़ और रायगढ़ जिले को गौरवान्वित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ प्रिंसी ने रायगढ़ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्रिंसी अहमद सिद्दीकी की इस शानदार उपलब्धि का सम्मान राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल छात्रा के लिए बल्कि उसके माता-पिता, शिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
अपनी सफलता का श्रेय प्रिंसी ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नियमित रूप से नवोदय प्रवेश परीक्षा, प्रयास प्रवेश परीक्षा सहित विभिन्न छात्रवृत्ति एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। प्रधान पाठक श्री सत्यजीत पुरकायस्थ तथा गुरुजन श्री उनीत कुमार साहू के मार्गदर्शन और प्रयासों को उन्होंने अपनी सफलता में महत्वपूर्ण बताया।
प्रिंसी ने कहा कि विद्यालय के प्राचार्य श्री हकीमउल्लाह खान द्वारा शिक्षकों को निरंतर प्रोत्साहित करने के साथ विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन दिया जाता है। शिक्षकों द्वारा बताए गए मार्ग पर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ चलने से सफलता की राह आसान हो जाती है।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय धरमजयगढ़ क्षेत्र में शिक्षा और विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा देने वाला संस्थान साबित हो रहा है। विद्यालय के विद्यार्थी लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान नगर के प्रबुद्ध नागरिकों सहित जनपद पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कुमारी प्रिंसी अहमद सिद्दीकी को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि कुमारी प्रिंसी अहमद सिद्दीकी का इस वर्ष प्रयास आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में भी चयन हुआ है। लगातार मिल रही सफलताएं उनकी प्रतिभा, परिश्रम और विद्यालय में मिल रहे मार्गदर्शन का प्रमाण हैं। प्रिंसी की इस उपलब्धि ने धरमजयगढ़ के शैक्षणिक क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp