ग्रामोदय विश्वविद्यालय की कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की सृजनशीलता ने बिखेरे रंगकुलगुरु प्रो. आलोक चौबे बोले— शिक्षा और कला का समन्वय व्यक्तित्व विकास की आधारशिला
1 min read

चित्रकूट- 18 जुलाई। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के लोक शिक्षा एवं जन संचार विभाग द्वारा आयोजित कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक अभिव्यक्ति और नवाचार का मनोहारी संगम देखने को मिला। प्रदर्शनी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।

प्रदर्शनी में शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों, शिक्षण सामग्री, हस्तशिल्प एवं रचनात्मक मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कुलगुरु प्रो. चौबे ने प्रत्येक कलाकृति का बारीकी से अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, कलात्मक दक्षता और परिश्रम की सराहना की।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक आयाम ने भी उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बी.एड. के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक आदिवासी लोकनृत्य की सजीव एवं ऊर्जावान प्रस्तुति देकर भारतीय लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कठपुतली नृत्य ने अपनी सृजनात्मकता और प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया, जिसकी उपस्थित जनों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

अपने उद्बोधन में कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने कहा कि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी साधन है। कला विद्यार्थियों में सौंदर्यबोध, संवेदनशीलता, सृजनात्मक सोच एवं आंतरिक क्षमताओं का विकास करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कला का समन्वय विद्यार्थियों को समग्र विकास की दिशा में अग्रसर करता है और उन्हें समाज के प्रति अधिक संवेदनशील एवं रचनात्मक बनाता है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आंजनेय पाण्डेय और प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. अमरजीत सिंह ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का सफल संयोजन प्राध्यापक एवं शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम के प्रमुख डॉ. श्याम सिंह गौर सहित विभाग के सहयोगी शिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया। प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

Subscribe to my channel