ग्रामोदय विश्वविद्यालय में निकली नशा मुक्ति जागरूकता रैली
1 min read

चित्रकूट- 15 जुलाई 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति के तत्वावधान में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ कला संकाय के शिक्षा विभाग परिसर से डॉ. श्याम सिंह गौर ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश दिया।
प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां एवं बैनर लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशामुक्त हो हर इंसान, स्वस्थ समाज की पहली पहचान” तथा “नशा मुक्त भारत, सशक्त भारत” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, योग तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
अधिष्ठाता कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो नंद लाल मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न रैली का समापन नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में नशा उन्मूलन के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने की शपथ के साथ हुआ।

Subscribe to my channel