कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश
1 min read
जांजगीर-चांपा, 15 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में एग्रीस्टेक पंजीयन, फॉर्मर रजिस्ट्री, नक्शा बटांकन, सीमांकन, त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों एवं किसानों से जुड़े सभी राजस्व कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व सेवाओं में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
बैठक में प्रमुख बिंदु:
• एग्रीस्टेक पंजीयन के तहत जिले के शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश।
• जिन किसानों के खसरे अभी पोर्टल पर दर्ज नहीं हैं, उन्हें तुरंत जोड़ने और समितियों में सत्यापन कराने का निर्देश।
• धान विक्रय करने वाले किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के सख्त निर्देश।
• अनक्लेम्ड बकेट में लंबित फॉर्मर रजिस्ट्री मामलों के लिए विशेष अभियान चलाने तथा घर-घर संपर्क कर पंजीयन पूरा करने को कहा गया।
• पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं समिति ऑपरेटर के समन्वित प्रयास से लंबित प्रकरणों का निस्तारण।
• नक्शा बटांकन, भू-बंटन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खाता विभाजन, त्रुटि सुधार, अविवादित नामांतरण एवं अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा।
• राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों, भू-अर्जन तथा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 संबंधी मामलों पर भी चर्चा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान चलाकर तथा कैंप कोर्ट लगाकर सभी लंबित प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Subscribe to my channel