नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने ली योजनाओं की समीक्षा बैठक, पीएम आवास एवं स्वच्छता कार्यों में तेजी के दिए निर्देश, विकसित भारत-जी राम जी, एनआरएलएम एवं एसबीएम के कार्यों की गहन समीक्षा, अपूर्ण आवास समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
1 min read
जांजगीर-चांपा, 14 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में नवपदस्थ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में विकसित भारत-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित पंचायत विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
पीएम आवास योजना में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोरसीईओ श्री विनय कुमार पोयाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति, किस्तों के भुगतान तथा लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजना का लाभ मिले तथा आवास निर्माण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने ग्राम पंचायतवार अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने, हितग्राहियों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने और नियमित मैदानी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकसित भारत-जी राम जी एवं स्वच्छ भारत मिशन पर निर्देशबैठक में विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान, अधिक से अधिक जल संरक्षण कार्य शुरू करने, शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण करने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों में तेजी लाने और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
एनआरएलएम: आजीविका ऋण मेलों का आयोजनजिला पंचायत सीईओ ने एनआरएलएम के तहत स्व-सहायता समूहों (SHG) को सशक्त बनाने और जनपद स्तर पर आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत स्तर पर आजीविका ऋण मेलों के आयोजन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे एसएचजी की महिलाओं को आसानी से वित्तीय सहायता मिल सकेगी और आजीविका गतिविधियों का विस्तार होगा।
बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी, प्रभारी उप संचालक पंचायत श्री बरनसिंह मण्डावी, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित थे।
सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम ने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
Subscribe to my channel