भारतमाला परियोजना से प्रभावित खेती का मामला गरमाया, सोशल मीडिया पर किसानों के समर्थन में उठी आवाज !
1 min read

धरमजयगढ़ – भारतमाला सड़क परियोजना के कारण खेती प्रभावित होने का मामला अब सोशल मीडिया पर भी जोर पकड़ने लगा है। इस मुद्दे को लेकर विभिन्न सोशल मीडिया समूहों में लगातार चर्चा हो रही है, जहां बड़ी संख्या में लोग किसानों के समर्थन में खुलकर सामने आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण या अन्य परियोजनाओं के कारण किसानों की कृषि भूमि प्रभावित हुई है, तो संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। कई लोगों ने यह भी लिखा कि केवल एक क्षेत्र ही नहीं, बल्कि खड़गांव सहित आसपास के अन्य गांवों में भी किसानों को इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चर्चा के दौरान अनेक लोगों ने प्रभावित किसानों के साथ खड़े रहने की बात कही। युवाओं ने भी किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे किसानों के साथ मिलकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे। कई प्रतिक्रियाओं में प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग भी की गई।

लगातार बढ़ रही जनचर्चा के बीच अब प्रभावित किसान एक बार फिर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धरमजयगढ़ से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराने तथा खेतों में फैली फ्लाई ऐश, जल निकासी की समस्या और अन्य बाधाओं का स्थायी समाधान कराने की मांग करने की तैयारी में हैं।

भारतमाला जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के बीच किसानों की समस्याओं को लेकर उठ रही यह जनआवाज अब प्रशासन के लिए भी एक महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जा रही है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी शीघ्र ही स्थल का निरीक्षण कर प्रभावी और स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।
Subscribe to my channel