जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून को होगी ग्रामसभा: पंचायत विकास, रोजगार, आवास व जनकल्याण से जुड़े 18 महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा
1 min read
जांजगीर-चांपा, 23 जून 2026। छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 के प्रावधानों के अनुरूप जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं उनके आश्रित ग्रामों में 24 जून 2026 को ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस ग्रामसभा में पंचायत प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका संवर्धन, स्वास्थ्य एवं जनहित से संबंधित 18 प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
ग्रामसभा की कार्यवाही की शुरुआत पूर्व आयोजित ग्रामसभा में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन संबंधी प्रतिवेदन से होगी। इसके बाद पंचायतों के विगत तिमाही के आय-व्यय की समीक्षा एवं अनुमोदन किया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के स्वीकृत कार्यों, प्राप्त राशि, व्यय तथा अद्यतन स्थिति का भी वाचन किया जाएगा।
प्रमुख एजेंडे:
• प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) का वाचन, प्राथमिकता सूची तैयार करना, दावा-आपत्ति प्राप्त करना तथा ग्रामसभा अनुमोदन के बाद आवास सॉफ्ट में अपलोड करना।
• विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन – ग्रामीण की मार्गदर्शिका का वाचन एवं क्रियान्वयन पर चर्चा।
• समर्थ पंचायत पोर्टल के माध्यम से कर अधिरोपण एवं संग्रहण को ऑनलाइन करने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संपत्ति कर निर्धारण पर विचार।
• पंचायत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन जिनके विरुद्ध लेखा-जोखा या बकाया राशि लंबित है।
• आवारा पशु प्रबंधन — सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, मवेशियों को सड़क पर न छोड़ने की जागरूकता और जुर्माना लगाने संबंधी संकल्प।
• अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों की समीक्षा।
• पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) के परिणामों पर चर्चा एवं सुधार के लिए सामुदायिक सहभागिता।
• मुक्तिधामों की साफ-सफाई, रखरखाव एवं सुविधाओं की समीक्षा।
• खाद्यान्न वितरण, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन, ग्राम संपदा ऐप में परिसंपत्ति पंजीयन, तालाबों-बाजारों के नीलामी/पट्टे आदि विषय।
• अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा नियम 2022 के प्रावधान।
• टीबी मुक्त भारत तथा बाल विवाह रोकथाम अभियान पर जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली इस ग्रामसभा में ग्रामीणों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की गई है।
Subscribe to my channel