जमरगा में अधूरा स्कूल भवन ! अभिभावक , छात्र पूरा होने का कर रहे इंतज़ार !
1 min read
जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के अंतर्गत आने वाले जमरगा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन स्कूल भवन लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। इस अधूरे स्कूल भवन का ढांचा तो तैयार हो चुका है, लेकिन खिड़कियाँ, दरवाज़े, प्लास्टर, फर्श, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा सम्बंधी कार्य अभी तक नहीं किए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन निर्माण महीनों से ठप है और निर्माण स्थल पर न तो कोई सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि कार्य किस योजना के अंतर्गत स्वीकृत हुआ था और इसकी जिम्मेदारी किस विभाग या ठेकेदार के पास है।
ग्रामवासियों के अनुसार, यदि यह भवन माध्यमिक शिक्षा योजना के तहत स्वीकृत हुआ है, तो इसकी निगरानी की जिम्मेदारी जिला स्तर के शिक्षा अधिकारियों और तकनीकी एजेंसी की होती है। इसके बावजूद कार्य की धीमी गति और अधूरेपन पर किसी भी स्तर पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है। वहीं इस सम्बन्ध में जब सम्बंधित अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया तो प्रशासनिक कार्यों से बाहर होने के कारण संपर्क नहीं हो सका !
बहरहाल स्कूल भवन के अधूरे होने से विद्यार्थियों को असुविधा हो रही है, जबकि शिक्षक और अभिभावक भी समय पर कार्य पूरा न होने से चिंतित हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यदि संबंधित विभाग जल्द ध्यान नहीं देता, तो यह अधूरा ढांचा खराब मौसम में और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि निर्माण कार्य की स्थिति, बजट, जिम्मेदार एजेंसी और विलंब के कारणों को सार्वजनिक किया जाए तथा स्कूल भवन का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए ताकि बच्चे सुरक्षित और बेहतर वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
Subscribe to my channel