राजस्थान जिला डीग देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के भाव से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
1 min read

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने किया ध्वजारोहण, मार्च पास्ट की ली सलामी — वीरांगनाओं का सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजितडीग, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को डीग के किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन हुआ तथा पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की गई। समारोह में विभिन्न टुकड़ियों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र सेवा में योगदान देने वाले वीरों को स्मरण करते हुए वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। समारोह में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां ने महामहिम राज्यपाल का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर उपस्थित जनसमूह को सुनाया।समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य एवं उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिभाओं एवं अन्य व्यक्तियों को कुल 72 प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, जिला कलक्टर मयंक मनीष, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, हरि बोल चेतन्यपुरी महाराज, जिला अध्यक्ष सतीश बंसल सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं आमजन ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel