Recent Posts

July 21, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

कलेक्टर जन्मेजय महोबे का सख्त निर्देश: बारिश और आपदा में सभी अधिकारी मुख्यालय में रहें, प्रो-एक्टिव रहकर करें कार्य

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई 2026। लगातार हो रही भारी बारिश और संभावित आपदा को देखते हुए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय से बाहर न जाए और प्राप्त होने वाली किसी भी शिकायत पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करे।

कलेक्टर ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले की मौसम स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा, “वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी मुख्यालय में उपस्थित रहें, पूरी तरह सक्रिय एवं प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें।” साथ ही अनिवार्य रूप से ई-अटेंडेंस लगाने के निर्देश भी दिए।

स्कूल-आंगनबाड़ी भवनों में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई:

बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्थानीय निकायों को विशेष चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी भर गया है, वहां किसी भी स्थिति में संचालन नहीं किया जाएगा। पानी निकासी के साथ ही जर्जर भवनों में बच्चों को बैठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों में सीपेज या निर्माण संबंधी कोई भी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

राहत कार्यों पर फोकस:

कलेक्टर महोबे ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का फील्ड विजिट कर वास्तविक स्थिति आंकने के निर्देश दिए। फसल हानि, मकान क्षति और पशु हानि के प्रकरणों में पात्र हितग्राहियों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों व पुल-पुलियों की मरम्मत के प्रस्ताव शीघ्र भेजने और राहत शिविरों में राशन, भोजन, पेयजल, स्वच्छता एवं चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:

• नगरीय निकायों को शहरों में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत करने और नियमित सफाई के निर्देश।

• विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति बाधित होने पर त्वरित प्रतिसाद देने के निर्देश।

• स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाइयों और टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश।

• शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए श्रमिकों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश।

बैठक में वृक्षारोपण अभियान, “एक पेड़ मां के नाम”, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में उपस्थित थे:

जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp