भारतमाला परियोजना से प्रभावित किसान की पीड़ा बरकरार, दो वर्षों बाद भी नहीं बनी जल निकासी व्यवस्था , मामला धरमजयगढ़ के बायसी कॉलोनी का!
1 min read

धरमजयगढ़ – भारतमाला सड़क निर्माण परियोजना से प्रभावित एक किसान की समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। बायसी कॉलोनी निवासी लक्ष्मी मजूमदार द्वारा कलेक्टर रायगढ़ को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण के कारण उनके खेत की प्राकृतिक जल निकासी बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान खेत में पानी भरकर वह तालाब का रूप ले लेता है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।

आवेदन में कहा गया है कि निर्माण कार्य के दौरान खेत के समीप राखड़ एवं मलबा डाल दिए जाने से समस्या और बढ़ गई है। साथ ही खेत एवं मकान तक पहुंचने का मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। किसान का कहना है कि इस कारण पिछले दो वर्षों से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है और आवागमन में भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
आवेदक के अनुसार, इस संबंध में उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि न तो संबंधित विभाग और न ही निर्माण एजेंसी द्वारा जल निकासी, मलबा हटाने या पहुंच मार्ग बहाल करने के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया है।

कलेक्टर को दिए गए नवीन आवेदन में किसान ने मांग की है कि मामले का मौके पर निरीक्षण कराया जाए, संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए जाएं तथा उचित जल निकासी की व्यवस्था, मलबा हटाने और खेत-मकान तक पहुंच मार्ग बहाल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान को एक और वर्ष फसल और भूमि उपयोग में नुकसान उठाना पड़ सकता है। अब निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि प्रभावित किसान को कब तक राहत मिलती है।

Subscribe to my channel