जशपुर जिला में PUC सेंटर खोलने का नया मौका, 6 नए प्रदूषण जांच केंद्रों को मिली स्वीकृति,
1 min read
वाहन चालकों को मिलेगी बेहतर सुविधा, पेट्रोल पंपों पर स्थापित केंद्रों को मिलेगी प्राथमिकता
जशपुर | उद्घोष समय | प्रेम सिंह राजपूत
जशपुर जिले में वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण को प्रभावी बनाने और आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। परिवहन मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिले में 6 नए प्रदूषण जांच (PUC) केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले में कुल 10 प्रदूषण जांच केंद्र संचालित होंगे।
जिला परिवहन अधिकारी, जशपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परिवहन आयुक्त, छत्तीसगढ़ ने जिले में कुल 10 पीयूसी केंद्र खोलने की स्वीकृति प्रदान की है। वर्तमान में जशपुर जिले में वाहनों की प्रदूषण जांच के लिए केवल 4 केंद्र संचालित हैं। नए केंद्र शुरू होने से वाहन मालिकों को प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने में अधिक सुविधा मिलेगी।
पेट्रोल पंपों को मिलेगी प्राथमिकता
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के ऑयल रिटेल आउटलेट्स (पेट्रोल पंप), वाहन विक्रेताओं, परिवहन सुविधा केंद्रों तथा इच्छुक व्यक्तियों को पीयूसी केंद्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। परिवहन मुख्यालय के निर्देशानुसार पेट्रोल पंपों पर स्थापित किए जाने वाले प्रदूषण जांच केंद्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इच्छुक आवेदक कर सकते हैं आवेदन
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि जो व्यक्ति या संस्था प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित करना चाहती है, वह आवश्यक जानकारी, पात्रता और मार्गदर्शन के लिए कार्यालय, जिला परिवहन अधिकारी, जशपुर में कार्यालयीन दिवस एवं समय पर संपर्क कर सकती है।
पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
नए पीयूसी केंद्रों की स्थापना से वाहन चालकों को प्रदूषण जांच की सुविधा अधिक आसानी से उपलब्ध होगी। साथ ही समय पर प्रदूषण जांच सुनिश्चित होने से वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
Subscribe to my channel