May 30, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

धरमजयगढ़ पैनल के अधिवक्ताओं ने जिला जेल रायगढ़ का किया निरीक्षण, बंदियों को दी विधिक सहायता की जानकारी !

1 min read
Spread the love


न्याय तक प्रत्येक व्यक्ति की समान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार धरमजयगढ़ पैनल के अधिवक्ताओं ने जिला जेल रायगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं ने जेल में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, कानूनी आवश्यकताओं तथा प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।


अधिवक्ताओं ने बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी व्यक्तिगत एवं न्यायिक कठिनाइयों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, न्यायिक प्रक्रिया, विधिक सहायता प्राप्त करने की व्यवस्था तथा न्यायालयीन कार्यवाही से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों से भी अवगत कराया गया।
निरीक्षण दल ने कहा कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर कार्य कर रहा है। बंदियों की ओर से रखी गई समस्याओं एवं मांगों के समाधान हेतु आवश्यक कानूनी पहल करने का आश्वासन भी दिया गया।


जेल निरीक्षण कार्यक्रम में अधिवक्ता वीरेंद्र शर्मा, हुरदानंद यादव, दीपक देवांगन, राजेंद्र गुप्ता एवं प्रतीक चावड़ा उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समय-समय पर जेलों का निरीक्षण कर बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा न्याय तक उनकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान संचालित करता है। इस पहल को न्याय व्यवस्था को अधिक समावेशी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp