मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
1 min read
संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा। उदघोष समय न्यूज़, 18 मई 2026।
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग ने बताया कि योजना अंतर्गत ऐसे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हों, अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित हों तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारक हों। विद्यार्थी सत्र 2025-26 में छत्तीसगढ़ के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत हो तथा कक्षा 4थीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो। पालक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। केवल ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी ही आवेदन के पात्र होंगे। इच्छुक विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने विद्यालय में निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन पत्र के साथ पालकों की सहमति, आयकरदाता न होने का प्रमाण पत्र, ग्रामीण अंचल में अध्ययनरत होने संबंधी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा कक्षा 4थीं एवं 5वीं की अंकसूची की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा। विद्यार्थी जिस जिले का मूल निवासी होगा, उसी जिले में आवेदन करने के लिए पात्र होगा। विद्यालय प्रमुख द्वारा आवेदन परीक्षण उपरांत 27 जून 2026 तक संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा किए जाएंगे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदन 30 जून 2026 तक सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जांजगीर-चांपा कार्यालय में जमा किए जाएंगे। निर्धारित आवेदन पत्र एवं आय संबंधी स्वघोषणा पत्र का प्रारूप सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जिला शिक्षा अधिकारी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in पर भी उपलब्ध है। योजना अंतर्गत चयन हेतु जिला स्तर पर 26 जुलाई 2026 (रविवार) को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
Subscribe to my channel