तूफानी अंधड़ का कहर : धरमजयगढ़ में पेड़-पोल धराशायी, पूरा नगर अंधेरे में डूबा
1 min read

धरमजयगढ़ – क्षेत्र में मंगलवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम के बीच चली तेज हवाओं से कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए, जिससे सड़क मार्ग बाधित हो गया और आवागमन प्रभावित रहा।

तेज अंधड़ की चपेट में आने से बिजली के खंभे और विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके चलते धरमजयगढ़ नगर सहित आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। खबर लिखे जाने तक पूरा नगर अंधेरे में डूबा हुआ है , जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आंधी का असर रिहायशी इलाकों में भी देखने को मिला, जहां कई मकानों की टीन शेड उड़ गईं। वहीं कुछ जगहों पर पेड़ वाहनों पर गिर पड़े। हालांकि इस दौरान किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक आए तूफान से लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। वहीं राहत की बात यह रही कि बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।

बिजली व्यवस्था ठप होने से दैनिक कार्य प्रभावित हो गए हैं। विद्युत विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Subscribe to my channel