करैत के डसने से युवक की हालत गंभीर, समय पर उपचार से बची जान
1 min read

धरमजयगढ़ क्षेत्र में सर्पदंश का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां सिथरा निवासी विजय यादव को विषैले करैत साँप ने काट लिया। घटना दिनांक 1 मार्च 2026 की बताई जा रही है। अचानक बढ़ती गर्मी और उसके बीच हुई बारिश के कारण क्षेत्र में साँपों का बिलों से बाहर निकलना बढ़ गया है, जिससे इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करैत के काटने के बाद विजय यादव की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन बिना देर किए उन्हें शगुफ्ता हॉस्पिटल, धरमजयगढ़ लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सा टीम और डॉ. खुर्शीद खान के त्वरित एवं प्रभावी उपचार से मरीज की जान बचा ली गई। इलाज के बाद अब विजय यादव पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है।
इस संबंध में डॉ. खुर्शीद खान ने बताया कि सर्पदंश के मामलों में समय पर इलाज सबसे महत्वपूर्ण होता है। थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सांप के काटने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल जाएं और वैज्ञानिक उपचार लें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वासों में समय गंवाना बेहद खतरनाक है और इससे मरीज की जान जोखिम में पड़ सकती है। सही समय पर चिकित्सा ही जीवन बचाने का एकमात्र उपाय है।
Subscribe to my channel