‘विकसित भारत @ 2047’ राष्ट्रीय सम्मेलन में ए के एस विश्वविद्यालय के प्रोचांसलर अनंत कुमार सोनी का सम्मान।
1 min read
रीवा। ‘विकसित भारत @ 2047’ के स्वप्न को साकार करने के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय, रीवा के सभागार में “विज्ञान एवं कृषि नवाचार” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए राष्ट्र के समग्र विकास की दिशा में विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का निर्माण कृषि सुदृढ़ीकरण, तकनीकी नवाचार और ग्रामीण सशक्तिकरण के समन्वय से ही संभव है। उन्होंने प्रदेश में कृषि विकास और अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित इंजी.अनंत कुमार सोनी, प्रति कुलाधिपति, एकेएस विश्वविद्यालय, सतना को पुष्पगुच्छ, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने सारगर्भित व्याख्यान में इंजी.अनंत कुमार सोनी ने ‘विकसित भारत @2047’ की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए कहा कि देश को 2047 के लक्ष्य के साथ-साथ दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने कृषि को एग्री-बिजनेस में परिवर्तित करने, मूल्य संवर्धन और निर्यात को बढ़ावा देने पर बल दिया। साथ ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक और डेटा आधारित खेती को भविष्य की आवश्यकता बताया।
उन्होंने शिक्षा को कौशल, अनुसंधान और उद्यमिता से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए युवाओं को नवाचार एवं स्टार्टअप की ओर प्रेरित करने की बात कही। इसके साथ ही, जल संरक्षण, जैविक खेती और पर्यावरण संतुलन को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने की आवश्यकता भी रेखांकित की।
कार्यक्रम के अंत में अनंत कुमार सोनी ने सम्मेलन एवं कार्यशाला की सफलता के लिए आयोजकों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। यह सम्मेलन ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में सार्थक विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।
Subscribe to my channel