सतना: ए.के.एस. विश्वविद्यालय, सतना के वाणिज्य विभाग के बीकॉम के मेधावी छात्र सुमित गौतम एवं लकी सेन का चयन सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी, आगरा में हुआ है, जो विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी दुग्ध उत्पादन एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र की अग्रणी संस्था है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, आत्मविश्वास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था का प्रतिफल मानी जा रही है। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, समूह चर्चा एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल थे, जिनमें दोनों छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र ओझा और विभाग के प्राध्यापकों ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। प्रति-कुलाधिपति अनंत कुमार सोनी तथा कुलपति प्रो. बी. ए.चोपड़े ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण एवं उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण का परिणाम है।