एकेएस विश्वविद्यालय में ‘कोनियाप्स–32’ का समापन, युवा शोधकर्ताओं ने प्रस्तुत किए नवाचार
1 min read
सतना, 15 मार्च।
एकेएस विश्वविद्यालय के बेसिक साइंस संकाय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 32वें अंतरराष्ट्रीय भौतिक विज्ञान सम्मेलन ‘कोनियाप्स–32’ (CONIAPS-XXXII) का रविवार को समापन हुआ। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, गणित तथा संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) पर केंद्रित इस सम्मेलन में देश-विदेश के सैकड़ों वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान कुल 50 मौखिक प्रस्तुतियां और 50 पोस्टर प्रस्तुतियां की गईं, जिनमें समकालीन वैज्ञानिक शोध और नवाचारों पर चर्चा हुई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि फ्यूचर लिमिटेड के चेयरमैन प्रो. आर.एन. भटनागर ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान और गणित के व्यावहारिक अनुप्रयोगों के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. प्रेम प्रकाश सोलंकी और प्रो. सी.के. मिश्रा ने की। इस अवसर पर प्रो. एन.पी. सिंह तथा डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों, अतिथियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन के तीसरे दिन आयोजित मौखिक प्रस्तुति सत्र में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए 50 प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई। इसमें मणिपुर विश्वविद्यालय, चाचिपुर की बेबी रसोदा अहोंगशांगबम प्रथम, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के रविंद्र सिंह द्वितीय तथा जया रानी तृतीय स्थान पर रहीं।
पोस्टर प्रस्तुति सत्र में कुल 50 पोस्टर प्रस्तुत किए गए। इसमें आईआईटी बीएचयू के प्रमोद कुमार प्रथम, सेंट एलॉयसियस कॉलेज, जबलपुर की आर्या दुबे द्वितीय तथा अनिका मेहरोत्रा तृतीय स्थान पर रहीं। पीजी वर्ग में एकेएस विश्वविद्यालय के अभिषेक प्रजापति एवं समूह प्रथम, ईशा तिवारी द्वितीय और नीलम पटेल तृतीय स्थान पर रहीं। बीएससी वर्ग में सौरभ चतुर्वेदी समूह (भौतिकी) तथा आलोक त्रिपाठी (गणित) को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। पोस्टर सत्र का समन्वयन डॉ. सी.पी. सिंह और डॉ. मनोज शर्मा ने किया।
सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय भौतिक विज्ञान अकादमी की ओर से युवा विज्ञान पुरस्कार प्रदान किए गए। यह सम्मान एकेएस विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की शोधार्थी स्वप्निल गर्ग तथा राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, अजमेर के गणित विभाग के राज माल जाट को दिया गया ।
Subscribe to my channel