शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी सफलता: हत्या के फरार दो आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को किया गिरफ्तार, चाकू व खून सने कपड़े बरामद
1 min read
संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा। उदघोष समय न्यूज़, 01 मार्च 2026।
जांजगीर-चांपा। थाना शिवरीनारायण पुलिस ने जिले के एक सनसनीखेज हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो बालिग आरोपियों एवं एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। इस सफलता से मामले का खुलासा हुआ है और पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक राहुल चौहान (27 वर्ष), निवासी ग्राम दर्रा, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई पहुंचा था। यहां अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार (चाकू) से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी और शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने पर दिनांक 11 फरवरी 2026 को थाना शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग जांच एवं पंचनामा किया तथा अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 61(2) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती सतरूपा तारम के कुशल मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं लगातार प्रयासों से फरार आरोपियों को ट्रेस किया।
हाल ही में पुलिस ने फरार दो बालिग आरोपियों करन कुर्रे (19 वर्ष) एवं अनिरुद्ध उर्फ अन्नी कुर्रे (21 वर्ष), दोनों निवासी भखराभाठा, धरदेई तथा एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर राहुल चौहान पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या की और शव को तालाब में फेंककर अपराध छिपाने की कोशिश की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून लगे कपड़े एवं मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उप निरीक्षक रामप्रसाद बघेल (प्रभारी पुलिस सहायता केंद्र राहौद) एवं थाना स्टाफ प्रधान आरक्षक विरेंद्र टंडन, आरक्षक प्रवीण साहू, शिव कुमार कश्यप, नितिन द्विवेदी, विवेक ठाकुर, बलराम यादव, श्रीकांत सिंह आदि का सराहनीय योगदान रहा।
यह पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी जांच का परिणाम है, जिससे समाज में कानून का भय बना रहेगा। जांच जारी है।
Subscribe to my channel