मनेंद्रगढ़। क्षेत्र में इन दिनों भीषण ठंड पड़ रही है, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ठंड से बचाव के लिए नगर पालिका द्वारा अलाव जलाने की व्यवस्था की जाती है, लेकिन वार्ड क्रमांक 12 में यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है।
स्थानीय लोगों ने जब वार्ड पार्षद गिरधर जयसवाल से फोन के माध्यम से अलाव के लिए लकड़ी गिराने की मांग की, तो उन्होंने बताया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) के निर्देशानुसार चार दिन के अंतराल में ही लकड़ी गिराई जाएगी। इस जवाब से वार्डवासियों में नाराजगी देखी गई।
लोगों का कहना है कि जब ठंड लगातार बढ़ रही है, तब चार दिन तक इंतजार करना बुजुर्गों, बच्चों और गरीब तबके के लिए बेहद परेशानी भरा है। रात के समय तापमान काफी गिर जाने से खुले में रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन हालात को देखते हुए अलाव व्यवस्था को नियमित करे और जरूरत के अनुसार लकड़ी की आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि आमजनभी को ठंड से राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि नगर प्रशासन जनता की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।