March 2, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

एकेएस विश्वविद्यालय के मानविकी विभाग में आयोजित हुई प्रेरणादायी और रंगारंग फ्रेशर पार्टी, सीनियर्स ने नवागंतुकों का गर्मजोशी से किया स्वागत

1 min read
Spread the love

ए.के.एस. विश्वविद्यालय के मानविकी विभाग में 2 दिसंबर का दिन उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से भरा रहा, जब सीनियर्स ने अपने नवप्रवेशित साथियों के लिए एक भव्य और स्नेहिल फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया। शुरुआत से अंत तक माहौल इतना जीवंत था कि हर विद्यार्थी के चेहरे पर उत्सुकता, अपनापन और नई यात्रा के उत्साह की झलक साफ दिखाई दे रही थी। सभागार में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत और संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास से भर दिया और नए युवाओं को यह एहसास कराया कि विश्वविद्यालय का जीवन सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि अवसरों, अनुभवों और नए सपनों का सुंदर संगम है।

कार्यक्रम का शुभारंभ देवी सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके तात्कालिक बाद विश्वविद्यालय का कुलगीत पूरे वातावरण में अनुशासन और गौरव की अनुभूति लेकर गूंज उठा। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. आर. एस. त्रिपाठी ने गुरु–शिष्य संबंध की गरिमा और शिक्षा के अमूल्य महत्व पर सारगर्भित वक्तव्य दिया, जो नवागंतुकों के लिए मार्गदर्शन का दीपक बना। प्रतिकुलपति डॉ. हर्षवर्धन ने सामाजिक विज्ञान विषय की गहराई और आधुनिक समाज में उसकी बढ़ती प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नई सोच और व्यापक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

मानविकी संकाय के डीन डॉ. सुधीर जैन ने अपने संबोधन में छात्र जीवन में अनुशासन को सफलता की बुनियाद बताया और सामाजिक जागरूकता को छात्र व्यक्तित्व के विकास का अनिवार्य अंग कहा। विधि सलाहकार सूर्यनाथ सिंह गहरवार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से जुड़े नियमों और आवश्यक अवधारणाओं की जानकारी देते हुए उन्हें जिम्मेदार और जागरूक बनने की प्रेरणा दी। विभागाध्यक्ष डॉ. उषा द्विवेदी ने स्वागत उद्बोधन में अनुशासित दिनचर्या के महत्व को जीवन की सफलता से जोड़ते हुए छात्रों से उत्कृष्टता के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया। निदेशक, महिला विकास प्रकोष्ठ डॉ. प्रियंका बागरी ने छात्राओं और नव प्रवेशित छात्रों से जुड़े उपयोगी मुद्दों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सुरक्षित, सक्षम और आत्मविश्वासी बनने का संदेश दिया।

डिप्टी डीन छात्र कल्याण गौरव सिंह ने सभी विशिष्ट अतिथियों का परिचय करवाकर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। उसके बाद शुरू हुआ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मोहक क्रम, जिसने सभागार में बैठे सभी विद्यार्थियों को जोश और उमंग से सराबोर कर दिया। नृत्य और संगीत की प्रस्तुति के साथ आयोजित विभिन्न मनोरंजक खेलों ने प्रतिभाओं को निखारने का अवसर दिया और विद्यार्थियों के बीच एक सुंदर सामंजस्य स्थापित किया।

कार्यक्रम के समापन पर उत्साह और सौहार्द से भरे वातावरण में मिस्टर फ्रेशर के रूप में अजय कुशवाहा को सम्मानित किया गया, जबकि मिस फ्रेशर का खिताब भारती सिंह को मिला। मिस्टर पार्टी अभिषेक सिंह और मिस पार्टी वैभवी बनीं। वहीं मनोरंजक खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिवम वर्मा, नैंसी सिंह और ख़ुशी बागरी को पुरस्कृत किया गया। इन क्षणों ने नए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार किया और उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम की सफलता पर विश्वविद्यालय के चेयरमैन इंजी. अनंत कुमार सोनी, कुलगुरु प्रो. बी. ए. चोपड़े और निदेशक आईक्यूएसी प्रो. जी. सी. मिश्रा ने हर्ष व्यक्त किया। इस गरिमामय अवसर पर विभाग के शिक्षक प्राची सिंह, डॉ. उदय भान सिंह और अश्विनी कुमार ओमरे की उपस्थिति ने आयोजन को और सशक्त बनाया। पूरे समारोह को सफल बनाने में बीए के विद्यार्थी वंश, अनुज, चिरंजीव, साबिया, शिवानी, प्रिंस, सौरभ, वंशिका, संगिनी, आकाश, अमन, हिमांशु, राज, एकता, सुभांशु, रवि, हिमांशू और पीयूष ने सक्रिय और प्रेरणादायक सहयोग प्रदान किया।

यह फ्रेशर पार्टी न केवल नए विद्यार्थियों के लिए आनंद और परिचय का अवसर बनी, बल्कि उन्हें यह संदेश भी दे गई कि विश्वविद्यालय जीवन एक नई उड़ान, नए सपनों और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक शानदार शुरुआत है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp