November 27, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

संविधान दिवस पर शिवरीनारायण में बाबा साहब को नमन, आंबेडकर चौक पर गूंजे जय भीम के नारे!

1 min read
Spread the love


जांजगीर-चांपा/शिवरीनारायण। संविधान दिवस के अवसर पर शिवरीनारायण में सामाजिक एकता, स्वाभिमान और संवैधानिक चेतना की प्रेरणादायी तस्वीर देखने को मिली। 26 नवंबर 2026 को भारतीय बहुजन कल्याण संघ एवं प्रगतिशील सतनामी समाज के संयुक्त नेतृत्व में महंत पारा स्थित सतनाम धर्मशाला में संविधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए संविधान के सम्मान, सामाजिक समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम के पश्चात सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आंबेडकर चौक पहुंचे, जहां भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर मोमबत्तियां जलाई गईं और श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान बाबा साहब के संघर्ष, शिक्षा, समानता और अधिकारों की लड़ाई को याद किया गया। जय भीम के नारों से वातावरण गूंज उठा।

संविधान ने दिए अधिकार, बाबा साहब ने दिखाई अधिकारों की राह:

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि करोड़ों वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के सम्मान, अधिकार एवं स्वाभिमान का मजबूत आधार है। बाबा साहब ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से सामाजिक बदलाव का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।


उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। इसलिए संविधान के प्रति जागरूकता और उसके मूल्यों को जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हुए शामिल:

कार्यक्रम में प्रगतिशील सतनामी समाज के जिला अध्यक्ष श्री भूषण खटकर, भारतीय बहुजन कल्याण संघ के अध्यक्ष श्री विभिषण पात्रे, प्रगतिशील सतनामी समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रदीप श्रृंगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री डमरू प्रसाद मनहर एवं श्री यादराम हिरवानी तथा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष श्री सतीश भारद्वाज शामिल हुए।

इसके अलावा भारतीय बहुजन कल्याण संघ के उपाध्यक्ष श्री अनुप निराला, सचिव श्री रामेश्वर कठौतिया, सहसचिव श्री विरेन्द्र टंडन, उपाध्यक्ष श्री मनीराम बघेल, कार्यकारिणी सदस्य श्री गोविन्द बंजारे, श्री दिलहरण कुर्रे, श्री जेपी बघेल, श्री नेहरू जहिरे एवं डॉ. दिलीप कुमार बर्मन उपस्थित रहे।

प्रगतिशील सतनामी समाज के ब्लॉक मीडिया प्रभारी श्री रजनीकांत रत्नाकर, सामाजिक कार्यकर्ता श्री विजय कुमार मल्होत्रा सहित समाज के अनेक बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों को अपनाना:

संविधान दिवस का यह आयोजन महत्वपूर्ण संदेश देकर गया कि बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने से नहीं, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक भेदभाव मिटाने, संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में समानता स्थापित करने से मिलेगी।


कार्यक्रम ने एक बार फिर संदेश दिया कि जब समाज अपने अधिकारों, इतिहास और महापुरुषों के विचारों के प्रति जागरूक होता है, तभी सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव तैयार होती है।

शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो!
जय भीम! जय संविधान! जय सतनाम!

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp