स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू बिक्री पर होगी कार्रवाई, युवाओं को नशे से बचाने चलेगा विशेष अभियान!
1 min read
जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक लेकर संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम, नशामुक्ति तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने पुलिस, औषधि, आबकारी एवं समाज कल्याण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा है। इसके उन्मूलन के लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाते हुए संयुक्त रूप से कार्य करना होगा।
मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच, प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक:
कलेक्टर ने जिले में संचालित मेडिकल स्टोर्स की नियमित एवं रेंडम जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा।
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान:
युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जिले के स्कूलों एवं कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसान तथा नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।
शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई:
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में पान गुमटी, गुटखा एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की दुकानें संचालित नहीं होनी चाहिए। ऐसे स्थानों पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने युवाओं को खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया, ताकि उनकी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में उपयोग हो और वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहें।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel