November 25, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

चोरी हुए 1945 के कलश की जगह मंदिर में स्थापित किया गया नया कलश, अकलतरा पुलिस ने साउंड सिस्टम भी किया भेंट!

1 min read
Spread the love


जांजगीर-चांपा। ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर में चोरी हुए ऐतिहासिक कलश की जगह नया कलश स्थापित कर मंदिर की धार्मिक आस्था और मूल स्वरूप को पुनः सुदृढ़ करने की पहल की गई है। अकलतरा पुलिस ने मंदिर को नया कलश एवं भजन-कीर्तन तथा धार्मिक उपदेशों के लिए साउंड सिस्टम एम्पलीफायर सहित सप्रेम भेंट किया। पुलिस की इस मानवीय एवं सराहनीय पहल पर मंदिर के पदाधिकारियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आभार व्यक्त किया।


ग्राम पचरी में स्थित सतनाम मंदिर सतनाम समाज का प्रमुख आस्था केंद्र है और इसे भारत के पांचवें सतनाम तीर्थ स्थल के रूप में जाना जाता है। मंदिर के गुंबज में स्थापित कलश वर्ष 1945 का था, जिसकी चोरी होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को ग्राम पचरी में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया था। जांच में मंदिर के गुंबज के कलश को खंडित कर उसका आकार परिवर्तित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

मंदिर की धार्मिक महत्ता और क्षेत्रवासियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जय कुमार साहू द्वारा मंदिर के गुंबज के लिए नया कलश तथा भजन-कीर्तन एवं धार्मिक उपदेशों के लिए साउंड सिस्टम एम्पलीफायर सहित भेंट किया गया।


इस अवसर पर ग्राम पचरी सतनाम मंदिर के राजमहंत श्री किर्तनलाल भारद्वाज, मेला समिति पचरी धाम के श्री सुनील भारद्वाज, अध्यक्ष श्री निक्कू कुमार पटेल, संयोजक श्री सुरेन्द्र लहरे, सलाहकार एवं प्रवक्ता श्री सूरज भारती, स्वर्ण पाटले, श्री सुरेश भारद्वाज, महेश केशकर सहित डॉ. अंबेडकर युवा संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


पुलिस द्वारा मंदिर को धार्मिक संसाधन भेंट किए जाने पर मंदिर के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आभार जताया।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने जनसेवा और धार्मिक आस्था के सम्मान की ऐसी पहल आगे भी जारी रखने की बात कही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp