November 25, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

उधारी के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, मुख्य आरोपी रायपुर से गिरफ्तार!

1 min read
Spread the love


जांजगीर-चांपा। ग्राम खोखरा में उधारी पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को पुलिस टीम ने रायपुर से गिरफ्तार कर जांजगीर लाया है। वहीं, इस मामले में एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस ट्रेकर डॉग “गब्बर” की मदद ली गई थी। ट्रेकर डॉग घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची, तब वह फरार मिला। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।


मामले के अनुसार, दिनांक 19 नवंबर 2026 को कमल सूर्यवंशी निवासी सूर्या चौक, खोखरा ने थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में सूचना दी कि 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा निवासी कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और मृतक देवनारायण सूर्यवंशी एक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान उधारी पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद देवनारायण सूर्यवंशी के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।


सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट (SOCU) तथा पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीमों ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने आखिरकार उसे रायपुर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने मृतक के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद होने तथा पत्थर से सिर पर प्राणघातक हमला कर हत्या करने की घटना स्वीकार की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में की गई।


जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद एवं पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना दें और कानून के अनुसार कार्रवाई होने दें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp