मुर्गियां और CCTV कैमरा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नवागढ़ पुलिस ने घर से बरामद किया चोरी का बुलेट कैमरा!
1 min read
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में मुर्गियों और CCTV कैमरे की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 4 हजार रुपये कीमत का एक बुलेट CCTV कैमरा बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी इलियास खान (24 वर्ष), पिता मुबारक खान ने 18 नवंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 नवंबर की रात करीब 12:40 बजे अज्ञात व्यक्ति ने उसके देशी फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर 8 से 10 मुर्गियां तथा बाहर लगा एक CCTV कैमरा चोरी कर लिया। चोरी की पूरी घटना फार्म हाउस में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर नवागढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) एवं 331(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदेही थानेदार सारथी (47 वर्ष), निवासी नवागढ़ डीहपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि चोरी की गई दो मुर्गियों को खा लिया है तथा उनके पंख आदि तालाब में फेंक दिए हैं। वहीं चोरी किया गया एक बुलेट CCTV कैमरा अपने घर में छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कैमरा बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को 21 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय JMFC न्यायालय नवागढ़ के समक्ष पेश किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पांडेय, प्रधान आरक्षक शिवनंदन जलतारे, आरक्षक श्याम शांते एवं आरक्षक देवराज लसार की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नवागढ़ पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से चोरी के मामले का खुलासा हुआ है।
Subscribe to my channel