सड़कों पर बिखरा कचरे का अंबार, डस्टबिन की व्यवस्था नदारद; भव्य आयोजन के बाद स्वच्छता व्यवस्था की खुली पोल
1 min read

धरमजयगढ़ – 15 नवंबर को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। बाहर से आने वाले हितग्राहियों की सुविधा के लिए जिला पंचायत रायगढ़ द्वारा चार प्रमुख स्थानों पर फूड पॉइंट बनाए गए थे, जहां भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था के साथ कुल 120 वॉलेंटियर्स की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद आयोजन के दौरान आमापाली फ़ूड पॉइंट -04 में उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ पहुंचने के कारण व्यवस्थाएं दबाव में आ गईं और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आमापाली फ़ूड पॉइंट नंबर 04 से पुसौर, रायगढ़, घरघोड़ा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा जिले से बाहर से आए लोगों का भी आवागमन हुआ। कार्यक्रम समाप्ति के बाद बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ वापस लौटने के दौरान अचानक भीड़ बढ़ गई। अनुमानित संख्या के आधार पर तैयार की गई भोजन एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था वास्तविक भीड़ के सामने कम पड़ती नजर आई। कथित तौर पर व्यापक इंतजामों के बावजूद कई लोगों को खाने-पीने की व्यवस्था के लिए परेशान होना पड़ा और अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलने से उन्हें निराशा का सामना करना पड़ा। कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी जैसा माहौल भी निर्मित हो गया।

प्रशासन की ओर से कोदवारीपारा स्कूल, भंवर खोल चौक कापू रोड, धांगर नाला हाटी रोड और आमापाली बाजार रायगढ़ रोड पर चार फूड पॉइंट बनाए गए थे। इन केंद्रों पर जिला पंचायत के माध्यम से भोजन-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ग्राम पंचायत सचिवों और वॉलेंटियर्स के सहयोग से वितरण कार्य संचालित करने की योजना थी। चारों केंद्रों पर क्रमशः 25, 25, 30 और 40 वॉलेंटियर्स की तैनाती की गई थी। इस तरह कुल 120 वॉलेंटियर्स को व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, आमापाली पॉइंट नंबर -04 में अचानक बढ़ी भीड़ ने पूर्व निर्धारित तैयारियों की क्षमता और जमीनी प्रबंधन की चुनौतियों को उजागर कर दिया।

कार्यक्रम के बाद सड़कों पर कचरे का ढेर, डस्टबिन की व्यवस्था भी नदारद
आयोजन की समाप्ति के बाद एक दूसरी तस्वीर भी सामने आई। जिस क्षेत्र में कुछ समय पहले तक भव्य आयोजन और लोगों की भारी चहल-पहल थी, वहां बाद में सड़कों पर जगह-जगह कचरे का ढेर दिखाई दिया। खाने-पीने की सामग्री के रैपर, डिस्पोजल और अन्य अपशिष्ट सड़कों पर बिखरे पड़े थे। पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था नहीं होने के कारण कचरे का उचित संग्रहण नहीं हो सका और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलती रही।

बड़े आयोजन में भोजन वितरण और भीड़ प्रबंधन जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी कार्यक्रम के बाद स्वच्छता और कचरा निस्तारण का इंतजाम भी है। ऐसे में आयोजन के बाद सामने आई गंदगी ने स्वच्छता प्रबंधन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े किए।

निस्संदेह जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन अपनी भव्यता, जनभागीदारी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के कारण महत्वपूर्ण रहा, लेकिन आमापाली में अचानक उमड़ी भीड़, भोजन व्यवस्था का कम पड़ना और कार्यक्रम के बाद सड़कों पर बिखरा कचरा आयोजन प्रबंधन की उन कमियों को सामने लाता है, जिन पर भविष्य में गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। आखिर किसी भी बड़े आयोजन की वास्तविक सफलता केवल मंच की भव्यता और भीड़ की संख्या से नहीं, बल्कि दूर-दराज से आए अंतिम व्यक्ति को मिली सुविधा और उसके संतुष्ट होकर लौटने से भी तय होती है।

Subscribe to my channel