शराब मामले में 1.5 लाख रुपये के लेन-देन का आरोप, सारागांव थाने के 6 पुलिसकर्मी निलंबित!
1 min read
जांजगीर-चांपा। जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में शराब बिक्री के आरोपियों को कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, प्रकरण की आगे की जांच की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 नवंबर 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में “1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा” शीर्षक से प्रकाशित खबर को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया। इसके बाद मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से कराई गई।
जांच में सामने आया रकम के लेन-देन का मामला:
जांच के दौरान पाया गया कि दिनांक 4 नवंबर 2026 को आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी गोपाल से थाना सारागांव में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू सहित छह पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से रकम का लेन-देन किया गया था। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
ये छह पुलिसकर्मी किए गए निलंबित:
- प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू
- प्रधान आरक्षक क्रमांक 361 अर्जुन जांगड़े
- आरक्षक क्रमांक 22 दीपक सिंह
- आरक्षक क्रमांक 05 शंकर जयकिशन
- आरक्षक क्रमांक 495 सुनील रमन
- आरक्षक क्रमांक 11 गोवर्धन टाईगर सभी पुलिसकर्मी थाना सारागांव में पदस्थ थे। पुलिस अधीक्षक ने इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
CSP को सौंपी गई आगे की जांच की जिम्मेदारी:
पुलिस अधीक्षक ने CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को आगे की जांच सौंपते हुए प्रकाशित समाचार के संबंध में संबंधित मीडियाकर्मी का कथन दर्ज करने, आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित रकम के लेन-देन की विस्तृत जानकारी लेने तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, यदि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा पुलिस और आरोपी के बीच कथित लेन-देन में मध्यस्थता किए जाने के साक्ष्य मिलते हैं, तो उसकी भी जांच कर कथन दर्ज किया जाएगा। जांच में भ्रष्टाचार एवं अवैध रूप से रकम के लेन-देन के आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी का सख्त संदेश—भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं:
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन एवं अनुचित गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। पूरे मामले की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच की जाएगी। आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अब सभी की नजरें आगे होने वाली जांच और संभावित वैधानिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Subscribe to my channel