जनजातीय गौरव दिवस पर धरमजयगढ़ की बड़ी आस, जिला बनाने की घोषणा का इंतजार !
1 min read

जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन के बीच धरमजयगढ़ को जिला बनाने की सौगात की उम्मीद, चर्चाओं का बाजार गर्म
धरमजयगढ़-पत्थलगांव को संयुक्त जिला बनाने की घोषणा को लेकर जनचर्चा तेज, 80 किलोमीटर दूर रायगढ़ जिला मुख्यालय तक पहुंचने की मजबूरी से लंबे समय से उठ रही है मांग
धरमजयगढ – आगामी 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के भव्य कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज है। भाजपा के राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय स्तर के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन के बीच अब क्षेत्र की जनता के मन में एक और उम्मीद जोर पकड़ने लगी है। जनचर्चा है कि क्या इस बड़े आयोजन के दौरान आदिवासी बाहुल्य धरमजयगढ़ अंचल को कोई बड़ी सौगात मिलेगी? क्या लंबे समय से चली आ रही धरमजयगढ़-पत्थलगांव को संयुक्त रूप से जिला बनाए जाने की मांग पर कोई बड़ी घोषणा हो सकती है?
दरअसल, धरमजयगढ़ को जिला बनाए जाने की मांग कोई नई नहीं है। क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए लंबे समय से स्थानीय स्तर पर यह मांग उठती रही है। वर्तमान में धरमजयगढ़ से जिला मुख्यालय रायगढ़ की दूरी लगभग 80 किलोमीटर है। ऐसे में राजस्व, प्रशासनिक और अन्य आवश्यक शासकीय कार्यों के लिए क्षेत्र के लोगों को रायगढ़ तक की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ आदिवासी अंचलों के लोगों के लिए यह दूरी समय, संसाधन और आर्थिक खर्च के लिहाज से परेशानी का कारण बनती है।
स्थानीय स्तर पर यह धारणा रही है कि धरमजयगढ़ और पत्थलगांव को मिलाकर अलग जिला गठित किए जाने से प्रशासनिक पहुंच आसान हो सकती है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला स्तरीय कार्यालयों और सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। साथ ही क्षेत्र के विकास कार्यों, प्रशासनिक निगरानी और जनसमस्याओं के निराकरण को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जाती रही है।
ऐसे में 15 नवंबर को जब भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का जमावड़ा होने जा रहा है, तब जिला गठन की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। जनचर्चा के अनुसार, इस ऐतिहासिक अवसर पर यदि धरमजयगढ़-पत्थलगांव को संयुक्त जिला बनाने की घोषणा होती है तो इसे क्षेत्र के लिए बड़ी प्रशासनिक सौगात के रूप में देखा जाएगा।
हालांकि, फिलहाल जिला गठन को लेकर किसी आधिकारिक घोषणा या पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है। यह केवल स्थानीय स्तर पर चल रही चर्चाओं और क्षेत्रवासियों की उम्मीदों पर आधारित है।
बहरहाल, जनजातीय गौरव दिवस के इस बड़े आयोजन से आदिवासी अंचल को केवल एक भव्य समारोह ही नहीं, बल्कि विकास और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी किसी ठोस सौगात की भी अपेक्षा है। अब सबकी निगाहें 15 नवंबर के आयोजन और मंच से होने वाली संभावित घोषणाओं पर टिकी हैं। क्या धरमजयगढ़ की वर्षों पुरानी जिला बनाने की मांग को इस बार आवाज मिलेगी, या फिर यह उम्मीद एक बार फिर जनचर्चा बनकर रह जाएगी?
Subscribe to my channel