November 10, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

चांपा में मारपीट कर युवक से 400 रुपये की लूट, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरा फरार!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में मारपीट कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। भोजपुर चौक के पास दो युवकों ने साइकिल से जा रहे युवक को रोककर लोहे का कत्ता दिखाया और जान से मारने की धमकी देते हुए 400 रुपये लूट लिए। मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेश मांझी निवासी ग्राम दगौरी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर दीपावली मनाने अपने मामा के घर बेलदार पारा चांपा आया हुआ था। 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे वह अपने बड़े मां के बेटे लकेश्वर मांझी के साथ साइकिल से कपड़े खरीदने चांपा शहर गया था। वापस लौटते समय सुबह करीब 11 बजे भोजपुर चौक के पास विनय उर्फ नेपाली अपने साथी गौरव साहू के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान लोहे का कत्ता दिखाकर राजेश से पैसे मांगे गए। डर के कारण राजेश ने अपनी जेब में रखे 400 रुपये दे दिए। आरोपियों ने उसकी साइकिल के अगले टायर पर वार कर उसे फाड़ दिया तथा साइकिल की सामने वाली डंडी को भी कत्ते से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद आरोपी मोहल्ले के लोगों को भी धमकाते हुए वहां से चले गए। सूचना पर डायल 112 वाहन पहुंचा, जिसे देखकर आरोपी भाग निकले।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 608/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 351(2), 296, 309(4), 324(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी गौरव साहू पिता शिव कुमार साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी बेलदार पारा चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया तथा लूट की रकम में से अपने हिस्से में मिली राशि खर्च करना बताया। इसके बाद 10 नवंबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दूसरा आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश:

मामले में शामिल दूसरा आरोपी विनय उर्फ बाल्मिकी फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, सहायक उपनिरीक्षक बी.पी. खाण्डेकर, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक मुद्रिका दुबे एवं थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp