November 10, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

सतनाम मंदिर के 1945 में स्थापित प्राचीन कलश की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर से प्राचीन गुंबज कलश चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर चोरी गया ऐतिहासिक कलश भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत का पांचवां सतनाम तीर्थ स्थल माना जाता है। मंदिर में स्थापित गुंबज कलश वर्ष 1945 के आसपास लगाया गया था, जो सतनाम समाज की आस्था और धार्मिक महत्व का प्रतीक है। 17-18 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने मंदिर से इस प्राचीन कलश को चोरी कर लिया था। घटना के बाद सतनाम समाज में आक्रोश व्याप्त था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलेन्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में अकलतरा पुलिस ने जांच शुरू की।

गांव में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस ने स्थानीय सूत्रों के माध्यम से लगातार पतासाजी की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर ग्राम पचरी निवासी शुभम शर्मा (28 वर्ष), पिता हरिशंकर शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब पीने का आदी है। घटना की रात शराब पीने के लिए पैसे नहीं होने पर उसने मंदिरों के कलश चोरी करने की योजना बनाई। शिव मंदिर का कलश ऊंचाई पर होने के कारण उसने पास स्थित गुरु घासीदास बाबा जी के मंदिर का गुंबज कलश निकाल लिया। रात अधिक होने के कारण वह कलश को बेच नहीं पाया और न ही घर ले जा सका। इसके बाद उसने चोरी किए गए कलश को कटनई प्रहरी जंगल में छिपा दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में चोरी गया प्राचीन कलश बरामद कर जप्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इनका रहा सराहनीय योगदान:

इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नितिन चंदवंशी, आरक्षक अंजनी कश्यप, आरक्षक बाल्मिकी राठौर एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp