November 10, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

इधर जनजातीय गौरव दिवस की तैयारी, उधर जल-जंगल-जमीन के हक की लड़ाई के लिए महापंचायत !

1 min read
Spread the love


15 नवंबर को भाजपा के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा, तो आयोजन से इतर आदिवासी समाज अलग से मनाएगा बिरसा मुंडा जयंती ? 11 नवंबर को पुरुंगा में कोल ब्लॉक के खिलाफ ग्रामीणों की लामबंदी
धरमजयगढ़ – धरमजयगढ़ में आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा के राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश और स्थानीय स्तर तक के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा होने जा रहा है। लेकिन इस भव्य राजनीतिक आयोजन के समानांतर आदिवासी अंचल में एक दूसरी तस्वीर भी आकार ले रही है। जहां एक ओर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की तैयारियां हैं, वहीं दूसरी ओर आदिवासी ग्रामीण जल, जंगल और जमीन पर अपने अधिकारों की लड़ाई को लेकर एकजुट हो रहे हैं।


दरअसल, अदाणी समूह के प्रस्तावित पुरुंगा कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों का विरोध लंबे समय से जारी है। प्रस्तावित कोयला परियोजना की जनसुनवाई स्थगित हुए एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर पुरुंगा, साम्हरसिंघा और तेंदुमुड़ी सहित प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण 11 नवंबर को पुरुंगा में महापंचायत करने जा रहे हैं। इस महापंचायत का उद्देश्य कोल ब्लॉक के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराने के साथ ही जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के पारंपरिक अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देना बताया जा रहा है।
इस महापंचायत को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह आयोजन जनजातीय गौरव दिवस से ठीक चार दिन पहले हो रहा है। एक तरफ भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और आदिवासी अधिकारों के प्रतीक को मंचों से याद किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं आदिवासी अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के सवाल पर ग्रामीणों को सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करनी पड़ रही है।


इधर, 15 नवंबर को भाजपा की ओर से आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री सहित राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के आगमन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। हालांकि, प्राप्त जानकारी के अनुसार इस आयोजन से इतर आदिवासी समाज अलग से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने की तैयारी में भी जुटा हुआ है।


गौरतलब है कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह तक सीमित नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन, आदिवासी स्वशासन, सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों की रक्षा उनके आंदोलन के मूल आधार थे। ऐसे में पुरुंगा कोल ब्लॉक के विरोध में होने वाली महापंचायत और जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन का एक ही समय में सामने आना कई मायनों में महत्वपूर्ण है।
अब धरमजयगढ़ की राजनीतिक और सामाजिक फिजा में एक बड़ा सवाल चर्चा का विषय बनता जा रहा है कि , भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने जा रही भाजपा क्या आदिवासी समाज के उन बुनियादी सवालों और संघर्षों को भी उतनी ही गंभीरता से स्वीकार करेगी, जिनके लिए बिरसा मुंडा ने अपना जीवन समर्पित किया था? क्या भव्य आयोजन और बड़े नेताओं की मौजूदगी आदिवासी समाज का विश्वास जीतने के लिए पर्याप्त होगी, या फिर जल, जंगल और जमीन की लड़ाई जैसे जमीनी मुद्दे ही राजनीतिक दावों की असल परीक्षा बनेंगे ?
फिलहाल, 11 नवंबर की पुरुंगा महापंचायत और 15 नवंबर का जनजातीय गौरव दिवस, दोनों ही आयोजन धरमजयगढ़ के आदिवासी अंचल में चर्चा और राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रहने वाले हैं।

फाइल फोटो

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp