‘कामद सेवा’ के तहत श्रद्धालुओं को वितरित किया गया भोजन प्रसाद
1 min read

चित्रकूट- 09 नवंबर 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय एवं कामदगिरि माइक्रो फाइनेंस एंड एंटरप्राइजेज के संयुक्त तत्वावधान में दीपावली पर्व पर चित्रकूट में श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से ‘कामद सेवा’ के अंतर्गत भोजन प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित कर किया।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने अपने उद्बोधन में इस सेवा कार्य को पुनीत एवं सराहनीय प्रयास बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और जरूरतमंदों के प्रति सहयोग की भावना भारतीय संस्कृति के मूल आदर्शों में शामिल है। ऐसे सेवा कार्य सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
विश्वविद्यालय के प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. देवेंद्र प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि कामद सेवा का आयोजन विश्वविद्यालय और कामदगिरि माइक्रो फाइनेंस एंड एंटरप्राइजेज के सहयोग से किया गया। इस कंपनी की सह-स्थापना प्रबंधन संकाय के दो पूर्व छात्र रवि कुमार एवं कोमल कुमार ने की है। कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 1000 श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस पुनीत कार्य में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तथा कंपनी के कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रूप से सहभागिता कर सेवा भाव का परिचय दिया।

Subscribe to my channel