बिरसा मुंडा जयंती की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, पीपरमार के बिरसा मुंडा चौक पहुंची सर्व आदिवासी समाज की ब्लॉक कार्यकारिणी
1 min read

जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प ही भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि – कार्यकारिणी सदस्य

धरमजयगढ़। महान आदिवासी जननायक एवं स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस को 15 नवंबर को गरिमामय ढंग से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सर्व आदिवासी समाज की ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्यों ने धरमजयगढ़ के पीपरमार स्थित बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर आयोजन की तैयारियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके विचारों और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए जनजातीय गौरव दिवस की प्रासंगिकता पर भी चर्चा की गई।

कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश के लिए स्वाभिमान, संघर्ष और अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष आज भी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देता है।
सदस्यों ने स्पष्ट किया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को केवल औपचारिक आयोजन अथवा उत्सव तक सीमित रखना उनके विचारों और संघर्षों के साथ न्याय नहीं होगा। जनजातीय गौरव दिवस की वास्तविक सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब समाज जल, जंगल और जमीन की रक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेगा तथा आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर आगे आएगा।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि देश की आजादी के आंदोलन में आदिवासी समाज के योगदान और उसके महान क्रांतिकारियों के इतिहास को व्यापक स्तर पर सामने लाने की आवश्यकता है। भगवान बिरसा मुंडा सहित उन तमाम जनजातीय महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की शौर्यगाथा नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए, जिनके संघर्ष और बलिदान ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की।
15 नवंबर को होने वाले आयोजन की तैयारियों के बीच कार्यकारिणी सदस्यों का संदेश भी स्पष्ट है कि भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि केवल उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और जयंती समारोह आयोजित करने से नहीं, बल्कि उनके विचारों को जीवन में उतारने तथा जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अधिकारों और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाने से ही संभव है।
Subscribe to my channel