October 17, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

युथ 4 चेंज छत्तीसगढ़ की पहल: पामगढ़ में युवा सभा, विभिन्न गांवों के युवाओं ने लिया सक्रिय हिस्सा!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 17 अक्टूबर 2026। युथ 4 चेंज छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में पामगढ़ में युवा सभा का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, किशोरी बालिकाओं की जागरूकता, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और समाज में सकारात्मक बदलाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।

युवा सभा के दौरान विभिन्न गतिविधियों और समूह चर्चाओं के माध्यम से युवाओं को नैतिक मूल्यों, सकारात्मक व्यवहार, व्यावहारिक ज्ञान तथा संवैधानिक मूल्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें समाज में अपनी भूमिका समझने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और अपने आसपास सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में युवाओं के सपनों, आकांक्षाओं, भविष्य की योजनाओं और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी पर भी चर्चा हुई। गतिविधियों के जरिए युवाओं को अपनी बात रखने, विचार साझा करने और सामूहिक रूप से समस्याओं के समाधान खोजने का अवसर मिला। सभी प्रतिभागियों ने सक्रियता के साथ भाग लिया और अपने-अपने गांवों में भी ऐसी युवा बैठकों का आयोजन करने की इच्छा जाहिर की।

इस दौरान डुढगा, केसला, मुड़पार, चेऊडीह, विद्याडीह टांगर, भैंसों, रसोटा, जोरैला, भलवाही और पामगढ़ सहित विभिन्न गांवों के युवाओं ने सहभागिता की। बैठक में वीरेंद्र, सागर, राज पटेल, खुशबू टंडन, आकृति, खुशेंद्र भैंना, हिमांशी बर्मन, सिमरन रत्नाकर, प्रिंस, आशीष, रिया पटेल, रितु सारथी एवं महेक टंडन सहित अन्य युवाओं की सक्रिय उपस्थिति रही। सीनियर वॉलंटियर पुष्पा श्रीवास भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का संचालन श्री रामेश्वर कुर्रे (समन्वयक, युथ 4 चेंज छत्तीसगढ़) और श्री सोमेश कुमार (जिलाध्यक्ष, जांजगीर-चांपा) के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। दोनों ने युवाओं को संगठित होकर समाजहित के कार्यों में आगे आने, अपने गांवों में जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर निरंतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि युथ 4 चेंज छत्तीसगढ़ पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के युवाओं को सामाजिक विषयों पर जागरूक करने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत है। संगठन का मानना है कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी, सामूहिक प्रयास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से ही एक जागरूक, समतामूलक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

युवा सभा के माध्यम से युवाओं में सामाजिक कार्यों के प्रति नई ऊर्जा और अपने गांवों में जागरूकता अभियान आगे बढ़ाने की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी एकजुट होकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp