नगर में नवरात्रि पर छाएगी सांस्कृतिक छटा, बस स्टैंड में सजेगा ‘गायन एवं डांस का महामुकाबला’
1 min read

धरमजयगढ़ – शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व का शुभारंभ होते ही धरमजयगढ़ का बस स्टैंड परिसर भक्ति और उत्साह के रंगों में सराबोर हो गया है। सार्वजनिक युवा नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा यहाँ माँ दुर्गा की दिव्य एवं भव्य प्रतिमा पूरे विधि-विधान के साथ स्थापित की गई है। नवरात्रि के दौरान पूरे नौ दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए माँ दुर्गा के दर्शन-पूजन के साथ-साथ विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिसके तहत दुर्गा पंडाल में प्रतिदिन विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया जा रहा है।

उत्सव की भव्यता को बढ़ाने के लिए समिति इस वर्ष भी एक विशेष सांस्कृतिक मंच सजाने जा रही है, जहाँ स्थानीय एवं अंचल की उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का शानदार अवसर मिलेगा। ‘गायन एवं डांस का महामुकाबला’ शीर्षक से आयोजित इस प्रतियोगिता में दो प्रमुख चरण होंगे। प्रतियोगिता का प्रारंभिक चयन यानी ऑडिशन 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को शाम 6:00 बजे से बस स्टैंड स्थित दुर्गा पंडाल में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद ऑडिशन में चयनित कलाकारों के बीच फाइनल मुकाबला 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को बस स्टैंड के भव्य मुख्य स्टेज पर होगा ।
कार्यक्रम के सफल संचालन और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए समिति ने तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी संजय यादव ने बताया कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने और मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए सांस्कृतिक प्रभारी संजय यादव से उनके मोबाइल नंबर 9630829673 पर संपर्क कर सकते हैं। सार्वजनिक युवा नवदुर्गा उत्सव समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता एवं युवाओं से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और माँ जगदंबा की कृपा प्राप्त करने की अपील की है।
Subscribe to my channel