दल से बिछड़े हाथी शावक के रेस्क्यू की तैयारी, अंबिकापुर से पहुंची विशेषज्ञों की टीम!
1 min read

बोरो रेंज के चाल्हा क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, शावक को चिड़ियाघर ले जाने की चर्चा
धरमजयगढ़ – धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज अंतर्गत चाल्हा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हाथियों के झुंड से बिछड़े हाथी शावक को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, शावक के रेस्क्यू के लिए अंबिकापुर से विशेषज्ञों की एक टीम पहुंची है। बताया जा रहा है कि वन विभाग द्वारा शावक को सुरक्षित रेस्क्यू कर चिड़ियाघर ले जाने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शावक पिछले चार दिनों से अपने दल से अलग है। हाल ही में वह रिहायशी क्षेत्र में स्थित हाई स्कूल के सामने भी पहुंच गया था, जिसके बाद वन विभाग की निगरानी टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। शावक के स्वास्थ्य को लेकर पहले चिंता जताई गई थी, हालांकि बाद में उसके स्वस्थ होने की जानकारी सामने आई थी।

अब अंबिकापुर से विशेषज्ञों की टीम के पहुंचने की खबर के बाद शावक के संभावित रेस्क्यू को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, रेस्क्यू की प्रक्रिया जारी है और शावक को आगे कहां रखा जाएगा, इस संबंध में विभागीय स्तर पर तैयारी की जा रही है।
हालांकि, शावक को चिड़ियाघर ले जाने की योजना, रेस्क्यू की अंतिम प्रक्रिया और उसके बाद की व्यवस्था को लेकर वन विभाग की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल वन अमला शावक की सुरक्षा और निगरानी में जुटा हुआ है।
Subscribe to my channel