नहर की तेज धार में बह रहीं मां-बेटी… तीन युवकों ने जान पर खेलकर रच दी इंसानियत की मिसाल!
1 min read
जांजगीर-चांपा/पकरिया (झूलन) 14 सितंबर 2026। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पकरिया (झूलन) में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जो युवकों की बहादुरी से खुशखबरी में बदल गई। बड़े नहर मुख्य मार्ग स्थित पुल के नीचे नहाने के दौरान एक मां और उसकी छोटी बेटी अचानक तेज पानी के बहाव में फंस गईं। पलक झपकते दोनों नहर की धार में बहने लगीं।

मां-बेटी को पानी में तड़पता देख मौके पर मौजूद तीन युवकों ने बिना एक पल गंवाए अपनी जान की परवाह किए बगैर नहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव और खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों को पकड़ लिया और सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया। घटना के समय नहर में पानी का बहाव बेहद तेज था।
इन तीन युवकों ने दिखाई अदम्य हिम्मत:
जान बचाने वाले वीर हैं— सत्येंद्र सूर्यवंशी (27), रामभरोस सारथी (26) और टोनी प्रकाश खूंटे (19)। तीनों ग्राम पकरिया (झूलन), थाना मुलमुला के निवासी हैं। उनकी सूझबूझ, साहस और तत्परता के कारण मां-बेटी की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने की जमकर सराहना:
घटना के बाद गांव वालों ने तीनों युवकों के साहस और मानवता की भरपूर तारीफ की। लोगों का कहना है कि इन युवकों ने इंसानियत की सच्ची मिसाल पेश की है। साथ ही स्थानीय निवासियों ने नहर के पुल और आसपास के खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा लोगों को सावधानी बरतने की अपील भी की है।
Subscribe to my channel