पामागढ़ में स्कूल-कॉलेज के पास शराब दुकान खोलने की साजिश! बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा दांव पर, प्रशासन से तत्काल अन्यत्र स्थानांतरण की मांग
1 min read
संवाददाता: नरेश भार्गव (जिला ब्यूरो चीफ)
जांजगीर-चांपा/पामागढ़, 01 सितंबर 2026। नगर पंचायत पामागढ़ के वार्ड नंबर 04 में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर गंभीर जनरोष फैल गया है। वार्ड पार्षद अशोक कुमार खुटे ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को लिखित आवेदन देकर स्पष्ट मांग की है कि स्कूल, कॉलेज और सत्संग भवन के नजदीक प्रस्तावित शराब दुकान को तुरंत अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।

आवेदन में पार्षद ने चेतावनी भरे अंदाज में लिखा है कि प्रस्तावित स्थान कूटराबोड़ रोड पर स्थित है, जो पामागढ़ से जिला मुख्यालय जांजगीर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। यहां रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं, छोटे बच्चे और महिलाएं आवागमन करती हैं। इतने संवेदनशील इलाके में शराब की दुकान खुलने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी तथा बच्चों के भविष्य पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

पार्षद ने साफ कहा है कि इस स्थान पर शराब दुकान खोलना न सिर्फ जनभावना के खिलाफ है, बल्कि प्रशासन की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़ा करता है। स्थानीय निवासियों ने भी इस मांग का पुरजोर समर्थन किया है और चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
31 अगस्त 2026 को दिए गए इस आवेदन में पार्षद अशोक कुमार खुटे ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब दुकान को तुरंत अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन जनता की इस जायज मांग पर तुरंत संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगा, या फिर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जाएगा?
Subscribe to my channel