67वें सार्वजनिक दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, आशीष विश्वास बने अध्यक्ष !
1 min read

धरमजयगढ़ – नगर के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले 67वें सार्वजनिक दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियां अब आकार लेने लगी हैं। उत्सव को भव्य, गरिमामय और यादगार बनाने के उद्देश्य से बुधवार शाम दशहरा मैदान स्थित समिति कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें आशीष विश्वास को अध्यक्ष, श्यामल पुरकायस्थ को सचिव और विष्णु चरण सारथी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक की शुरुआत विगत वर्ष के आय-व्यय के विस्तृत विवरण के प्रस्तुतीकरण के साथ हुई। कोषाध्यक्ष द्वारा समिति के समक्ष आय-व्यय का पारदर्शी लेखा-जोखा रखा गया। इसके बाद समिति के वरिष्ठ संरक्षक एस. बी. डे ने पिछले वर्ष आयोजित उत्सव की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि जिस अनुशासन, समन्वय और आपसी सहयोग के साथ आयोजन संपन्न हुआ, उसे इस वर्ष भी बनाए रखा जाना चाहिए। उपस्थित सदस्यों ने उनके प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया।

नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष आशीष विश्वास, सचिव श्यामल पुरकायस्थ, कोषाध्यक्ष विष्णु चरण सारथी तथा अतिरिक्त कोषाध्यक्ष हुरदानंद यादव को दायित्व सौंपा गया। नई जिम्मेदारियों के साथ समिति ने आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव को और अधिक आकर्षक तथा भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि धर्मजयगढ़ की वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखते हुए इस वर्ष भी रावण दहन, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, डांस प्रतियोगिता सहित विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक आयोजन पूरे उत्साह और उल्लास के साथ किए जाएंगे। समिति का उद्देश्य केवल उत्सव आयोजित करना ही नहीं, बल्कि दशहरा मैदान को एक बार फिर ऐसी सामूहिक खुशियों का केंद्र बनाना है, जहां नगरवासी परिवार और समाज के साथ मिलकर अपनी परंपरा, संस्कृति और आपसी भाईचारे का उत्सव मना सकें।
67 वर्षों की यह परंपरा धर्मजयगढ़ के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। पीढ़ियां बदलीं, समय बदला, उत्सव के स्वरूप में बदलाव आया, लेकिन दशहरा मैदान की रौनक और सार्वजनिक दुर्गा पूजा के प्रति नगरवासियों की आस्था आज भी उतनी ही मजबूत है। यही विरासत इस वर्ष के आयोजन को लेकर भी लोगों में विशेष उत्साह पैदा कर रही है।
बैठक में वीरेंद्र शर्मा, टीकाराम पटेल, विजय अग्रवाल, महेश चैनानी, भारत लाल साहू, मुकेश हलदार सहित समिति के पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही समिति ने आगामी उत्सव को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता और सहयोग का आह्वान किया।
Subscribe to my channel