जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों में जुटा भाजपा संगठन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ली मंडल कार्यसमिति की बैठक
1 min read
15 नवंबर को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन होंगे शामिल
वित्त मंत्री को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह, कार्यक्रम की सफलता के लिए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

धरमजयगढ़ – भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी का संगठन पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुट गया है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को भाजपा मंडल धरमजयगढ़ की कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए।
बैठक में जिला प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान, विधानसभा प्रभारी एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा, धरमजयगढ़ प्रभारी सुनील सिंह ठाकुर, सहप्रभारी संजय गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष भरत साहू ने की।
बैठक में आगामी 15 नवंबर को आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों एवं संगठनात्मक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रातः 9 बजे धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है और संगठन इस आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए पूरी ताकत से जुटा हुआ है।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, बलिदान और आदिवासी समाज के जल, जंगल, जमीन एवं अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान, विकास और उत्थान को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के जनजातीय नायकों के इतिहास, संघर्ष और योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। बैठक में शक्ति केंद्र पालक, प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष, सरपंच, बीडीसी, जनपद सदस्य, पार्षद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना नजर आया। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर जिस तरह की सक्रियता और एकजुटता दिखाई दी, उससे स्पष्ट है कि धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए भाजपा संगठन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। अब सबकी निगाहें 15 नवंबर को होने वाले इस आयोजन पर टिकी हैं।
Subscribe to my channel