धरमजयगढ़: बस स्टैंड में गूंजे सुरीले सुर और थिरके कदम, ऑडिशन में कलाकारों ने बांधा समां; 15 अक्टूबर को होगा फाइनल मुकाबला
1 min read


धरमजयगढ़ – सार्वजनिक युवा नवदुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में बस स्टैंड परिसर में आयोजित भव्य ‘गायन एवं डांस महामुकाबला’ के तहत 13 अक्टूबर की रात कला और प्रतिभा के अनूठे संगम की गवाह बनी। दुर्गा पंडाल के समक्ष आयोजित ऑडिशन राउंड में अंचल भर से आए प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से चयनकर्ताओं और दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध कर बांधे रखा।

ऑडिशन के दौरान एक से बढ़कर एक सुरीले गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी श्रेष्ठ कलाकारों का चयन करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। बाल कलाकारों से लेकर युवा प्रतिभागियों के हुनर और मंच पर उनके आत्मविश्वास ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी संजय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 अक्टूबर को संपन्न हुए इस सफल ऑडिशन राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभागी अब 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार की शाम बस स्टैंड के मुख्य एवं भव्य स्टेज पर होने वाले ‘फाइनल मुकाबले’ में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे।


आयोजन समिति एवं नगरवासियों को पूर्ण उम्मीद है कि 15 अक्टूबर को होने वाली अंतिम प्रतियोगिता में गायन और नृत्य का अभूतपूर्व महामुकाबला देखने को मिलेगा, जहाँ कलाकार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देंगे। उत्सव समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने और माता रानी की भक्ति का आनंद उठाने की अपील की है।



Subscribe to my channel