कलेक्टर ने साप्ताहिक बैठक में स्वास्थ्य, शराब और आवास योजनाओं पर सख्त निर्देश दिए !
1 min read
जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने शुक्रवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं, जनहित के कार्यों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिले के शासकीय अस्पतालों का नियमित और औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पतालों में उपस्थित रहें और मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। अस्पतालों में उपचार, दवाइयों और अन्य जरूरी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने रात्रिकालीन और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा रात में भी अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की हिदायत दी।
आबकारी विभाग को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अवैध शराब और महुआ शराब के मामलों में कठोर कार्रवाई की जाए। किसी भी क्षेत्र से शिकायत मिलते ही तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने में कोई लापरवाही न हो। स्वीकृत आवासों के वर्क ऑर्डर शीघ्र जारी किए जाएं और निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। हितग्राहियों की समस्याओं और शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने तथा योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता और गंभीरता से निराकरण करने, नियमित समीक्षा करने और शिकायतकर्ताओं को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने व्यापक प्रचार-प्रसार करने, अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने और आवेदन से लेकर लाभ दिलाने तक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एग्रीस्टैक किसान पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में अभियान चलाकर तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर श्री प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Subscribe to my channel