October 8, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

ग्रामोदय विश्वविद्यालय में क्षमता निर्माण पर  कार्यशाला का शुभारंभबाल लैंगिक शोषण, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल पर दिया जा रहा प्रशिक्षण

1 min read
Spread the love

चित्रकूट- 07 अक्टूबर 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट एवं ‘अर्पण’ संस्था, मुंबई के संयुक्त तत्वाधान में बाल लैंगिक शोषण, मानसिक स्वास्थ्य तथा जीवन कौशल विकास पर केंद्रित क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का उद्घाटन विश्वविद्यालय के  कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे द्वारा किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने कहा कि यह एक अत्यंत सार्थक और सराहनीय पहल है। जब बच्चे संकोचवश अपनी बात किसी से कह नहीं पाते या उनकी समस्याओं को अनसुना कर दिया जाता है, तो ऐसी स्थिति में इस प्रकार की कार्यशालाएं बहुत उपयोगी सिद्ध होती हैं। उन्होंने कहा, “हमारा समाज आज भी बहुत संकोची है। बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार को उजागर करने और रोकने के लिए ऐसे संवेदनशील कार्यकर्ताओं का तैयार होना आवश्यक है जो उनकी समस्याओं को समझकर सामने ला सकें। मैं ‘अर्पण’ जैसी संस्थाओं का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने बाल लैंगिक शोषण के खिलाफ प्रशिक्षण अभियान शुरू किया है।”

कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. कपिल देव मिश्र ने अर्पण संस्था के मध्य प्रदेश स्टेट हेड अमित श्रीवास्तव तथा मुंबई से पधारीं सीनियर काउंसलर (हीलिंग सर्विसेज) नेहा मारू एवं भाविका पोरे का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण के लिए महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय का चयन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज की बुराइयों को समाप्त करने का मार्ग खुलेगा।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. अजय आर चौरे ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं ‘अर्पण’ के मध्य प्रदेश प्रभारी अमित श्रीवास्तव ने संस्था के कार्यों और बाल संरक्षण अभियानों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का विवरण

दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रथम दिवस तथा द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में मुंबई से आईं सीनियर काउंसलर नेहा मारू और भाविका पोरे द्वारा ‘चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज एवं मेंटल हेल्थ सिनेरियो’ (Child Sexual Abuse & Mental Health Scenario) पर प्रतिभागियों को गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके उपरांत द्वितीय दिवस के भोजन अवकाश (लंच) के पश्चात ‘अपराजिता’ फाउंडेशन, मदुरै (तमिलनाडु) द्वारा ‘जीवन कौशल विकास’ (Life Skills Development) पर ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद कार्यशाला का समापन होगा।

कार्यक्रम में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. नीलम चौरे, विश्वविद्यालय के शिक्षकगण तथा एमएसडब्ल्यू (MSW) के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp