कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, नक्शा बटांकन में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, तेजी से निराकरण के निर्देश
1 min read
जांजगीर-चांपा, 24 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का लाभ समय-सीमा में उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने नक्शा बटांकन के प्रकरणों की तहसीलवार प्रगति की समीक्षा की। अपेक्षित गति नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन, बकेट क्लेम तथा स्वामित्व योजना की प्रगति और स्वामित्व कार्ड वितरण की स्थिति पर भी उन्होंने जानकारी ली। मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी रखते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। अविवादित एवं विवादित नामांतरण तथा बंटवारा प्रकरणों की तहसीलवार स्थिति की जानकारी लेकर लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।
अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, ई-कोर्ट, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों और प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि राजस्व विभाग की सेवाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं। शासन की योजनाओं और राजस्व सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सुगमता और समय पर पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Subscribe to my channel