June 5, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी, हर नागरिक लगाए एक पौधा : कलेक्टर हर्षल पंचोली

1 min read
Spread the love

विश्व पर्यावरण दिवस पर अमरकंटक के शंभूधारा में जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला बढ़ावा

यशपाल जाट अनूपपुर, 5 जून 2026।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अमरकंटक स्थित शंभूधारा में आयोजित जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक नागरिक की है।

कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि राज्य शासन द्वारा संचालित ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी संदेश देता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित वृक्ष कटाई और पर्यावरणीय असंतुलन के कारण बाढ़, सूखा, भूस्खलन तथा जल संकट जैसी प्राकृतिक आपदाओं में वृद्धि हो रही है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

उन्होंने नदियों और वनों के पारस्परिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण वनों की समृद्धि से जुड़ा है। नर्मदा नदी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यह करोड़ों लोगों की जीवनरेखा है और इसके अस्तित्व को बनाए रखने के लिए वनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी डेविड व्यंकटराव चनाप ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक जिले में पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर वन सिटी परियोजना के तहत लगभग तीन हजार पौधों का रोपण किया जाएगा तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर हर्षल पंचोली ने शंभूधारा तट पर बरगद का पौधा रोपित किया। वहीं वनमंडलाधिकारी ने साल का पौधा लगाया। नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष पार्वती सिंह तथा एसडीएम पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।

कार्यक्रम में आम, जामुन, पीपल, बरगद, साल, अर्जुन, रुद्राक्ष एवं गुलबकावली सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 50 पौधे लगाए गए। एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान कर्नल ए.के. शर्मा एवं शशिधर अग्रवाल ने भी पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा तथा सर्पदंश से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम में वन विभाग, जल संसाधन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, एनआरएलएम, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp