Recent Posts

June 13, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

सुशासन तिहार: ग्राम पंचायत कचंदा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, कुल 1337 आवेदन प्राप्त, 1246 मांगें एवं 91 शिकायतें दर्ज

1 min read
Spread the love

संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा। उदघोष समय न्यूज़, 04 जून 2026।

जांजगीर-चांपा। — मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत नवागढ़ की ग्राम पंचायत कचंदा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ-साथ शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान कुल 1337 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1246 मांगें तथा 91 शिकायतें शामिल हैं। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के लिए भेज दिया गया है।

योजनाओं का लाभ:

शिविर में पात्र हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, नैनो डीएपी, आयुष्मान कार्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत चेक एवं प्रमाण पत्र, बी-वन खसरा, वोटर आईडी, किसान किताब, श्रम कार्ड आदि वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रमुख उद्गार:

पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश ने कहा कि सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और किसानों से नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग की अपील की।

पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले ने शिविर को आमजन की समस्याओं के समाधान का अच्छा माध्यम बताते हुए ग्रामीणों से अधिक से अधिक आवेदन देने की अपील की। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण का आह्वान किया और किसानों को फसल विविधीकरण पर जोर दिया।

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, वर्षा जल संचयन, स्वच्छता अभियान और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की। साथ ही बाल विवाह मुक्त समाज निर्माण में सहयोग का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्रीमती नेहा रामचरण साहू, श्री घासीराम कश्यप, श्री नरेंद्र कौशिक, श्री रामसाय खुटे, श्री सुरेश कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp