बिजुरी हृदय विदारक घटना में पुलिस जांच और प्रेस नोट पर उठे सवाल
1 min read
यशपाल जाट, बिजुरी/अनूपपुर
अनूपपुर जिले के बिजुरी क्षेत्र में बीती रात हुई हृदय विदारक घटना के बाद अब पुलिस जांच और जारी किए गए प्रेस नोट पर कई गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं विपक्षी दलों और स्थानीय लोगों द्वारा जांच की निष्पक्षता पर संदेह जताया जा रहा है।
घटना के बाद बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में कई महत्वपूर्ण तथ्यों का उल्लेख नहीं किए जाने से लोगों के मन में शंका पैदा हो रही है। सबसे बड़ा सवाल युवती की उम्र को लेकर खड़ा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी जानकारी में युवती को 20 वर्षीय बालिग बताया गया, जबकि जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने युवती को 17 वर्षीय नाबालिग बताया है। गुड्डू चौहान का कहना है कि उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद युवती की जन्मतिथि संबंधी जानकारी प्राप्त की, जिसके आधार पर युवती नाबालिग थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार काफी डरा और सहमा हुआ महसूस कर रहा था।
मामले में एक और बड़ा प्रश्न पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट को लेकर उठ रहा है। प्रेस नोट में युवती की मौत का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है और न ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कोई उल्लेख किया गया है। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और मेडिकल जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन को पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाहों और संदेह की स्थिति को खत्म किया जा सके। वहीं विपक्षी दलों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोगों की नजर अब पुलिस जांच तथा मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

Subscribe to my channel