छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्राम पंचायत सचिव भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव , नई मार्गदर्शिका जारी, जल्द शुरू हो सकती है भर्ती प्रक्रिया !
1 min read

छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्राम पंचायत सचिव भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए नई मार्गदर्शिका जारी कर दी है। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार अब ग्राम पंचायत सचिवों की भर्ती पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की जाएगी। शासन के इस फैसले को ग्रामीण प्रशासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी निर्देश में सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में रिक्त सचिव पदों की नियुक्ति संशोधित नियमों के अनुसार की जाए। नई गाइडलाइन में शैक्षणिक योग्यता, कंप्यूटर दक्षता और कार्य अनुभव को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिल सके।
नई भर्ती प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थी का हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही शासन से मान्यता प्राप्त संस्था से डाटा एंट्री ऑपरेटर अथवा प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा भी आवश्यक किया गया है।
भर्ती प्रक्रिया में मेरिट तैयार करने के लिए अलग-अलग मापदंड तय किए गए हैं। हायर सेकेंडरी परीक्षा के अंकों को 50 प्रतिशत भारांक दिया जाएगा, जबकि कंप्यूटर कौशल परीक्षा के अंकों का 25 प्रतिशत वेटेज रहेगा। उच्चतर शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक तथा रोजगार सहायक के रूप में कार्य अनुभव के लिए अधिकतम 15 अंक निर्धारित किए गए हैं। विभागीय आदेश के अनुसार रोजगार सहायक पद पर प्रत्येक वर्ष के अनुभव के लिए 3 अंक दिए जाएंगे तथा अधिकतम 5 वर्षों तक का अनुभव मान्य होगा। एक वर्ष के अनुभव के लिए न्यूनतम 9 माह कार्य करना आवश्यक रहेगा।
नई गाइडलाइन जारी होने के बाद पंचायत सचिव भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। अभ्यर्थियों का मानना है कि पारदर्शी एवं मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया से योग्य उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता बढ़ेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षित एवं कंप्यूटर दक्ष युवाओं की नियुक्ति को जरूरी माना जा रहा है।
Subscribe to my channel